ऋषिकेश बदरीनाथ राजमार्ग पर हादसा
देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक ट्रक चालक ने मंगलवार तड़के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे देवप्रयाग से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे चल रहे ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान कुलदीप कुमार (38) पुत्र भगत सिंह के रूप में हुई है।
प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि कुलदीप रेलवे का सामान श्रीनगर के ज्ञासू में उतारकर वापस ऋषिकेश की ओर लौट रहा था। घायल अवस्था में चालक ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उसका ट्रक अचानक बेकाबू होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराया। मृतक कुलदीप मूल रूप से धौलपुर, मुखियों का मोहल्ला, सरमुर्मेश्वर, हापुड़ जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
