खटीमा झनकईया मेला
खटीमा। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर मेले की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेले से जुड़ी अपनी बचपन की यादों को मंच से साझा किया और इसे भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने शारदा कॉरिडोर के तहत घाटों के निर्माण व मंदिरों के सौंदर्यीकरण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने बचपन के दिनों को याद करते हुए मेले में मिलने वाली पकौड़ी, जलेबी और सिंघाड़े का विशेष जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है, जिसमें थारू जनजाति सहित विभिन्न समाजों की विशेष सहभागिता देखने को मिलती है।
“इस मेले से बचपन की अनगिनत यादें जुड़ी हैं। बचपन में सालभर इस मेले का इंतजार रहता था। मेले की रौनक, यहां की चहल-पहल, जलेबी और सिंघाड़े का स्वाद और अपनों के साथ बिताए वे पल आज भी मन में बसे हैं।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
संबोधन के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और रोजगार उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। इस मौके पर उन्होंने बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि शारदा कॉरिडोर के माध्यम से झनकईया मेला घाट और काला पुल घाट का निर्माण कराया जाएगा, साथ ही वन शक्ति मंदिर सहित आसपास के अन्य मंदिरों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में इस गंगा स्नान मेले को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे भारत-नेपाल की सांस्कृतिक विरासत को और आगे बढ़ाया जा सके।
