गणेश गोदियाल धामी सरकार पर हमलावर
देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा घोषित की गई ‘बैंणी भुली योजना’ को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस योजना को लेकर धामी सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है और इसे महज एक चुनावी स्टंट करार दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले अब धामी सरकार को राज्य की मातृशक्ति की याद आई है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता किसी भी सरकार को विकास और कल्याणकारी कार्यों के लिए पूरे 5 साल यानी 60 महीने के लिए चुनती है, लेकिन यह बेहद ताज्जुब की बात है कि धामी सरकार को मातृशक्ति की सुध ठीक चुनाव से पहले आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बीते 5 वर्षों में महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए। अब चुनाव नजदीक देख आर्थिक सहायता के नाम पर महिलाओं को लुभाने और रिझाने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए गोदियाल ने कहा कि जब पहाड़ी जिलों में गर्भवती माताओं को आज भी डंडी-कंडियों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया जाता है, तब सरकार की यह चिंता कहां चली जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचारों के खिलाफ पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनता के बीच गई है। प्रदेश भर से एकत्रित किए गए इन हस्ताक्षरों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी 26 तारीख को लोकभवन कूच करेंगे और इन्हें वहां सौंपेंगे।
गोदियाल ने आगे कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर चेतना चाहिए, लेकिन उसे लग रहा है कि 5 या 10 हजार रुपये मातृशक्ति के खातों में डालकर वह चुनाव जीत जाएगी। उन्होंने सवाल किया कि यदि धामी सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती, तो केवल चुनाव के वक्त ही क्यों, बल्कि हर महीने महिलाओं के खातों में यह राशि क्यों नहीं डाली गई। उन्होंने वादा किया कि यदि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ‘महिला सम्मान निधि’ बनाई जाएगी, जिसके माध्यम से प्रत्येक महिला को हर महीने आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
भाजपा की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार का उदाहरण दिया। उन्होंने आशंका जताई कि जिस तरह बिहार के फार्मूले के तहत वोट लेने के बाद अधिसंख्य लोगों से पैसे वापस लिए जा रहे हैं, कहीं वैसा ही फार्मूला भाजपा उत्तराखंड में भी लागू न कर दे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है, बल्कि वह अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना भली-भांति जानती है।
