रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह मायकोटी डाट पुल के समीप कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय शिव लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के पास हुआ। मृतक की पहचान ग्राम बोरा, रुद्रप्रयाग निवासी शिव लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग जा रहे थे।
वहीं, कार सवार नागनाथ पोखरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
