कमलेश्वर महादेव मंदिर में खड़ा दीया अनुष्ठान
श्रीनगर (गढ़वाल)| वैकुंठ चतुर्दशी के पावन पर्व पर सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना के साथ 145 निसंतान दंपतियों ने पारंपरिक ‘खड़ा दीया’ अनुष्ठान में भाग लिया। अनुष्ठान के लिए 208 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण कराया था। बीते वर्ष 190 से अधिक जोड़े इस आस्था के महापर्व में शामिल हुए थे।
गोधूलि बेला में शुरू हुई कठिन साधना
मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने गोधूलि बेला (शाम साढ़े पांच बजे) में अखंड दीपक प्रज्वलित कर अनुष्ठान का शुभारंभ किया। परंपरा के अनुसार, महिलाओं की कमर में एक कपड़े में जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा और चावल की पोटली बांधी गई। इसके बाद महंत ने सभी दंपतियों के हाथों में जलते हुए दीपक सौंपे। दंपतियों ने पूरी रात खड़े रहकर हाथ में जलता दीपक थामे भगवान शिव की आराधना की। मंगलवार सुबह पवित्र स्नान के पश्चात महंत के आशीर्वाद से यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस अनुष्ठान में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पुणे, आंध्र प्रदेश और विदेश से भी श्रद्धालु पहुंचे। देर शाम मंदिर में दर्शन और 365 बाती अर्पित करने वालों की करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी कतार लग गई।
पौराणिक मान्यता: जब श्रीहरि ने किया नेत्र अर्पण
पौराणिक कथाओं के अनुसार, दानवों पर विजय पाने के लिए भगवान विष्णु ने यहां शिव सहस्रनाम का जाप करते हुए एक हजार कमल पुष्प शिवलिंग पर अर्पित किए। उनकी परीक्षा लेने के लिए भगवान शिव ने एक कमल छिपा लिया। यज्ञ पूर्ण करने के लिए श्रीहरि ने अपना एक नेत्र अर्पित करने का संकल्प लिया, जिससे प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें अमोघ सुदर्शन चक्र प्रदान किया। सहस्र कमल चढ़ाने के कारण ही यह धाम ‘कमलेश्वर महादेव’ कहलाया। उस समय यह पूजा देख रहे एक निसंतान ऋषि दंपति को माता पार्वती के अनुरोध पर शिवजी ने संतान प्राप्ति का वरदान दिया था, तभी से यहां इस अनुष्ठान की परंपरा चली आ रही है।
श्रीराम को भी मिला था ब्रह्महत्या के दोष से छुटकारा
मान्यता है कि त्रेतायुग में रावण वध के बाद भगवान श्रीराम को ब्रह्महत्या का दोष लगा था। गुरु महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम उत्तराखंड आए और देवप्रयाग में कठोर साधना के बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने एक माह तक प्रतिदिन एक हजार कमल पुष्प अर्पित कर स्वयंभू शिवलिंग की पूजा की, जिससे उन्हें इस दोष से मुक्ति मिली।
ऐसे पहुंचें कमलेश्वर महादेव धाम
-
सड़क मार्ग: दिल्ली के कश्मीरी गेट या आनंद विहार से श्रीनगर (350-370 किमी) के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) और निजी बसें उपलब्ध हैं। सफर में करीब 8 से 10 घंटे लगते हैं। मंदिर श्रीनगर मुख्य बाजार से पैदल दूरी पर स्थित है।
-
रेल मार्ग: निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून हैं, जहां से बस या टैक्सी आसानी से मिल जाती है।
-
वायु मार्ग: सबसे नजदीकी हवाई अड्डा देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है।
