प्रतीक यादव निधन
– उत्तरकाशी की बेटी अपर्णा यादव के पति प्रतीक का 38 वर्ष की आयु में निधन
– सांसद अजय भट्ट ने फोन पर परिजनों को ढांढस बंधाया, बताया ‘हृदय विदारक घटना’
रामनगर। समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव (38) के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। मूल रूप से उत्तरकाशी की रहने वाली उत्तराखंड की बेटी अपर्णा यादव के साथ हुए इस वज्रपात ने राजनीतिक और सामाजिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। रामनगर पहुंचे नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
सांसद ने फोन पर साझा किया दुख
अजय भट्ट ने इस घटना को हृदय विदारक बताते हुए कहा कि वह स्वयं इस समाचार से बेहद व्यथित हैं। उन्होंने पीड़िता के पिता से फोन पर वार्ता कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की अपील की। भट्ट ने कहा, “हमारी बेटी अपर्णा के साथ जो हुआ, उसने सभी को दुखी कर दिया है। पूरा उत्तराखंड इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है।” उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
लखनऊ में ली अंतिम सांस
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग आवास से सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी आयु मात्र 38 वर्ष थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी से लेकर लखनऊ तक शोक संवेदनाओं का तांता लग गया।
रामनगर में दी गई श्रद्धांजलि
रामनगर में भी विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि कम उम्र में प्रतीक यादव का चले जाना अपूरणीय क्षति है। स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करने की कामना की।
