गन्नों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
कनखल में देर रात हुआ हादसा, एक कार पूरी तरह गन्नों में दबी; चालक फरार, दोनों कारों में नहीं था कोई सवार
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गन्नों से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही वहां खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं और ट्रक के नीचे दब गईं। हादसे में हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों शुगर मिलों में गन्ने का पेराई सत्र शुरू हो चुका है। इसके चलते किसान बड़ी संख्या में गन्ने से लदे वाहनों को लेकर मिलों की ओर जा रहे हैं। इसी क्रम में देर रात गन्नों से भरा एक ओवरलोड ट्रक हरिद्वार में हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने अचानक चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे पलट गया और वहां खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं।
गन्नों के नीचे पूरी तरह दबी हरियाणा नंबर की कार
बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया हुआ था। परिवार के सदस्य अपनी कार को सर्विस रोड के किनारे खड़ी कर किसी काम से चले गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। राहत की बात रही कि घटना के समय कार में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। ट्रक में लदे गन्ने पूरी तरह कार के ऊपर गिर गए, जिससे कार गन्नों के ढेर में दब गई और दिखाई देना भी मुश्किल हो गया। वहीं, दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ट्रक में लदे गन्नों को हटवाया। इसके बाद ट्रक को हटाकर दोनों कारों को बाहर निकलवाया गया। काफी मशक्कत के बाद सड़क किनारे दबे वाहनों को निकाला जा सका। राहत कार्य पूरा होने के बाद सर्विस रोड पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
ओवरलोड वाहनों के संचालन पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे और आसपास की सड़कों पर ओवरलोड गन्ने से लदे वाहनों के लगातार संचालन पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले वाहन सड़क पर अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। ऐसे वाहनों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने ट्रक हटवाकर यातायात कराया सुचारू
मामले में एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को खाली कराकर हटाया गया और उसके नीचे दबी दोनों कारों को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद सर्विस लेन पर यातायात को सुचारू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ट्रक चालक मौके से फरार है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
