दूध
देहरादून। उत्तराखंड के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। प्रदेश में आंचल ब्रांड का दूध आज से दो से चार रुपये तक महंगा हो गया है। नई दरें लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी होगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि दूध के अलावा डेयरी के अन्य उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उत्तराखंड कॉपरेटिव डेयरी फेडरेशन की ओर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा के मुताबिक, दूध के दामों में दो से चार रुपये तक की वृद्धि की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूध के अलावा डेयरी के किसी अन्य उत्पाद की कीमत नहीं बढ़ाई गई है।
जिलों के अनुसार अलग-अलग हैं दूध के दाम
प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश में आंचल डेयरी की ओर से प्रतिदिन करीब एक लाख 80 हजार लीटर दूध की आपूर्ति की जाती है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में दूध की कीमतें अलग-अलग निर्धारित हैं। इसी वजह से सभी जिलों में दूध का एक समान मूल्य नहीं है।
उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में फुल क्रीम दूध की कीमत पहले से 74 रुपये प्रति किलो है, जबकि कुछ जिलों में इसकी कीमत 76 रुपये प्रति किलो निर्धारित है। ऐसे में अलग-अलग जिलों में लागू दरों के अनुसार उपभोक्ताओं को दूध खरीदना होगा।
अन्य डेयरी उत्पादों के दामों में बदलाव नहीं
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद आंचल डेयरी के अन्य उत्पादों के दाम फिलहाल यथावत रखे गए हैं। यानी उपभोक्ताओं को दूध के लिए अधिक भुगतान करना होगा, लेकिन डेयरी के अन्य उत्पाद पहले की कीमतों पर ही उपलब्ध रहेंगे।
नई दरें आज से लागू होने के बाद प्रदेशभर में आंचल दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
