मौसम
देहरादून | नवंबर के अंत में पहुंचते-पहुंचते उत्तराखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि अभी तक ठंड ने पूरी तरह जोर नहीं पकड़ा था और दिन में तेज धूप निकल रही थी, लेकिन अब सूखी ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। शुष्क मौसम के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जिससे सूखी ठंड का प्रभाव बढ़ेगा।
मैदानी क्षेत्रों में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित अन्य इलाकों में कोहरा छाने की संभावना है, जिससे सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) प्रभावित हो सकती है। वहीं, पर्वतीय जिलों में भी कोहरे के साथ ठंड का असर दिखेगा।
सुबह और देर रात के समय बढ़ती ठंड व कोहरे को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और यात्रा करते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
