जागेश्वर धाम से प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने का विरोध
अल्मोड़ा |उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को प्रदेश से बाहर ले जाने का मामला एक बार फिर गर्मा गया है। पहले केदारनाथ से शिला दिल्ली ले जाने के विवाद के बाद, अब अल्मोड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम से बेशकीमती प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के प्रयास को लेकर भारी बवाल खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में बने एक बड़े राष्ट्रीय संग्रहालय की शोभा बढ़ाने के लिए जागेश्वर से इन ऐतिहासिक मूर्तियों को ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की एक टीम जागेश्वर संग्रहालय से मूर्तियां लेने पहुंची थी।
जैसे ही स्थानीय लोगों को इस बात की भनक लगी, क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए। स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर ASI की टीम का कड़ा विरोध किया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो रहे हैं और मौके पर हंगामा शुरू हो गया है।
