चकराता में बर्फबारी
चकराता | सर्द मौसम के बीच चकराता की वादियों में पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। हर किसी को आसमान से गिरती बर्फ और सफेद बर्फ से ढकी पहाड़ियों का इंतजार है। फिलहाल छावनी बाजार से दिख रहीं हिमालय की बर्फीली चोटियां सैलानियों को आकर्षित कर रही हैं।
पहाड़ों पर सर्दी की दस्तक के साथ ही चकराता में बर्फबारी का इंतजार पर्यटकों को यहां खींचने लगा है। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में बर्फ गिरने की उम्मीद बढ़ गई है। फिलहाल पर्यटक छावनी बाजार से ही हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का दीदार कर रहे हैं। उन्हें इंतजार है उस पल का, जब चकराता की पहाड़ियां भी सफेद चादर ओढ़ लेंगी।
चकराता में इन दिनों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और देहरादून समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों से पर्यटक पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक बर्फबारी की संभावना को देखते हुए वीकेंड पर घूमने का कार्यक्रम बना रहे हैं। पर्यटकों के लिए यहां का ठंडा मौसम, देवदार के जंगल और दूर तक नजर आती हिमालय की चोटियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
पारंपरिक उत्पादों में भी रुचि दिखा रहे पर्यटक
बर्फबारी की संभावना ने पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिला दिए हैं। होटल, रिसोर्ट, कैंप और होम स्टे संचालकों को आगामी वीकेंड और दिसंबर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। कारोबारियों का कहना है कि बर्फबारी होने पर चकराता के साथ ही लोखंडी, कोटी-कनासर और देववन की ओर पर्यटकों का रुख बढ़ जाता है। इससे ठहरने और खानपान से लेकर स्थानीय बाजार तक कारोबार को गति मिलती है।
स्थानीय बाजार में पर्यटक पारंपरिक उत्पादों में भी रुचि दिखा रहे हैं। जौनसार-बावर की राजमा, गहत, उड़द, मंडुवा और अन्य स्थानीय दालों की खरीदारी कर रहे हैं। पर्यटकों के लिए पहाड़ों की सैर के साथ स्थानीय खानपान और उत्पादों का स्वाद लेना भी यात्रा का हिस्सा बन रहा है।
बर्फबारी के इंतजार में होटल, होम स्टे और कैंप
चकराता में सर्दियों के दौरान ठहरने के लिए होटल और रिसोर्ट में बोन फायर, गाला डीनर, ग्रुप पार्टी आदि की तैयारी की है। कैपिंग साइट में पर्यटकों खुले आसमान के नीचे पहाड़ों का नजारा लेने का अनुभव भी मिलता है। होम स्टे में पर्यटक स्थानीय रहन-पहचान और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि बर्फबारी की पहली खबर के साथ ही ऑनलाइन बुकिंग और वीकेंड की पूछताछ में तेजी आएगी।
चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थल
| पर्यटन स्थल | विशेषता |
| लोखंडी | बर्फबारी और हिमालय की चोटियों का खूबसूरत नजारा |
| देववन | देवदार के घने जंगल और हिमालय का विहंगम दृश्य |
| कोटी-कनासर | विशाल देवदार के पेड़ों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध |
| टाइगर फॉल | ऊंचाई से गिरता खूबसूरत झरना |
| चिलमिरी टॉप | सूर्यास्त और पहाड़ों के मनोरम दृश्य |
| रामताल गार्डन | प्राकृतिक तालाब, बगीचा और पक्षियों का संसार |
| बुधेर गुफा | प्राकृतिक गुफाओं को देखने का रोमांचक अनुभव |
| मोइला टॉप | बुग्याल से हिमालय की चोटियों और घाटियों का खुला नजारा दिखता है |
पर्यटकों की प्रतिक्रिया
“बर्फबारी देखने की उम्मीद लेकर चकराता आए हैं। यहां का मौसम और पहाड़ों से दिखाई देने वाली हिमालय की बर्फीली चोटियां बेहद खूबसूरत हैं। अगर जल्द बर्फबारी होती है तो यहां की यात्रा यादगार बन जाएगी।”
— गीतिका, पर्यटक, दिल्ली
“यहां आकर ऐसा लगता है जैसे प्रकृति के बीच कुछ पल ठहर गए हों। हिमालय की बर्फीली चोटियां देखकर मन खुश हो गया। अब बस इंतजार है कि चकराता में भी बर्फबारी हो और पहाड़ों को सफेद चादर में देखने का सपना पूरा हो।”
— सुमित रोहिला, पर्यटक, दिल्ली
