कांग्रेस का प्रदर्शन
देहरादून: प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आज बृहस्पतिवार को लोक भवन कूच किया। कांग्रेस भवन से प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रीतम सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए लोक भवन की ओर बढ़े। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
बैरिकेडिंग पर रोके जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। इसी बीच पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक भुवन कापड़ी बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए। वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह हस्ताक्षर युक्त बैनर लेकर मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज और हस्ताक्षर युक्त बैनर-पोस्टरों की पोटली राज्यपाल को सौंपकर हस्तक्षेप की मांग करने की तैयारी की थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि 10 से 23 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी दर्ज कराई और दस्तावेज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचाए गए।
गोदियाल के अनुसार, 26 नवंबर को भ्रष्टाचार के खिलाफ और संविधान की मूल भावना के अपमान के विरोध में लोक भवन कूच का कार्यक्रम तय किया गया था। कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बनाने के लिए इस अभियान को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देने की कोशिश की है।
