कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची उत्तराखंड
देहरादून |उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। पार्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ गहन चर्चा कर संभावित प्रत्याशियों की जमीनी स्थिति और उनकी दावेदारी के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इस पूरी कवायद के जरिए प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए योग्य उम्मीदवारों के नामों पर आम राय बनाने की कोशिश की जा रही है।
इसी कड़ी में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी प्रदेश पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कमेटी की चेयरपर्सन दीपा दास मुंशी और कमेटी के अन्य सदस्यों अनिल चौधरी व पाल भाई अंबलिया का उत्तराखंड पहुंचने पर औपचारिक स्वागत किया।
अब स्क्रीनिंग कमेटी देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेगी। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कमेटी अगले दो दिनों तक लगातार बैठकें कर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
इन बैठकों में विधानसभा वार प्रत्याशियों की दावेदारी और संबंधित क्षेत्रों में उनकी सक्रियता व स्थिति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से सीधा फीडबैक लिया जाएगा। इसी विस्तृत चर्चा और फीडबैक के आधार पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम विचार किया जाएगा।
