रामनगर
रामनगर | नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी की घटना के विरोध में गुरुवार को रामनगर में युवा कांग्रेस का आक्रोश चरम पर रहा। लखनपुर चुंगी पर एकत्रित हुए यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की चरमराई कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
‘बेटियां सुरक्षित नहीं, तो प्रशासन का मतलब क्या?’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमित लोहनी ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में बेटियों के साथ हो रही ऐसी घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, “अगर प्रदेश की मां-बहनें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो ऐसे प्रशासन और सरकार के होने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।”
राजनीतिक संरक्षण के खिलाफ दी चेतावनी
लोहनी ने मांग की है कि चम्पावत कांड में आरोपी भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपराधी का कोई दल नहीं होता और कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिला या पीड़िता को न्याय मिलने में देरी हुई, तो यूथ कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी।
ये भी पढ़े : करोड़ों की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय ठग देहरादून में गिरफ्तार
