अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को पद से हटाने की रच रहा था साजिश, महिला नेता से ठगे 25 लाख
देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी में पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को दिल्ली के कद्दावर नेताओं का निजी सचिव बताकर टिकट और बड़े पदों का सौदा करता था। पकड़े गए आरोपी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार ने न केवल महिला जनप्रतिनिधि भावना पांडे से 25 लाख रुपए ऐंठे, बल्कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को उनके पद से हटाने की गहरी साजिश भी रच रहा था।
25 लाख की ठगी से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब समाजसेवी और महिला नेता भावना पांडे ने थाना राजपुर में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि खुद को राष्ट्रीय नेता का करीबी बताने वाले कनिष्क ने पार्टी में सर्वे और अहम पद दिलाने के नाम पर 25 लाख की डिमांड की थी, जिसे उसने 13 अप्रैल को वसूल लिया। शक होने पर जब जांच की गई तो आरोपी का झूठ सामने आ गया।
मॉल में बिछाया जाल, पुलिस ने दबोचा
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीमों ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को जाखन स्थित पैसिफिक मॉल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह एक और नेता को टिकट का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने आ रहा था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमृतसर का निवासी है और उस पर राजस्थान और बिहार में भी ठगी के बड़े मामले दर्ज हैं। 2017 में उसने जयपुर में दो नेताओं से करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी की थी।
“आरोपी बेहद शातिर है और हाई-प्रोफाइल नेताओं के नाम का इस्तेमाल कर विश्वास जीतता था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और अन्य राज्यों से इसका आपराधिक रिकॉर्ड मंगाया जा रहा है।”
— प्रमोद कुमार, एसपी सिटी
भावुक हुए गणेश गोदियाल: ‘अपनों’ पर उठाए सवाल
इस खुलासे के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मीडिया के सामने भावुक नजर आए। उन्होंने मामले की SIT जांच की मांग करते हुए कहा, “पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर पार्टी का वह कौन सा नेता है जो मुझे अध्यक्ष पद से हटाने के लिए इन ठगों के साथ मिलकर साजिश रच रहा था। अगर किसी को लगता है कि कोई मुझसे बेहतर है, तो उसे जिम्मेदारी सौंप दी जाए, लेकिन ऐसी साजिशें बर्दाश्त नहीं।”
