भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
हल्द्वानी|कुमाऊं की राजधानी हल्द्वानी में आज भारतीय जनता पार्टी की बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण महामंथन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेता और मंत्री हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी आज बैठक में विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
-
ध्वजारोहण के साथ शुरुआत: बैठक के आधिकारिक सत्र से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पार्टी पदाधिकारियों, विभिन्न जिलों के अध्यक्षों, महामंत्रियों और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
-
सीएम धामी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे।
-
मंत्रियों और विधायकों का लगेगा रिपोर्ट कार्ड: 2027 के विधानसभा चुनावों में ‘हट्रिक’ लगाने की तैयारी कर रही भाजपा की यह बैठक केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि मौजूदा मंत्रियों और विधायकों के भविष्य का कड़ा रिपोर्ट कार्ड मानी जा रही है।
-
जमीनी फीडबैक पर होगा टिकट का फैसला: इस बार प्रत्याशियों का चयन केवल जीत-हार के समीकरणों या सर्वे के आधार पर नहीं होगा, बल्कि संगठन की जमीनी रिपोर्ट के आधार पर तय होगा। किस विधानसभा में विधायक सक्रिय हैं, जनता से किसका संवाद टूटा है और बूथ समितियां कितनी मजबूत हैं—इन सभी बिंदुओं पर सीधा फीडबैक लिया जाएगा।
-
संगठन बनाम जनप्रतिनिधि समीक्षा: पार्टी की यह आंतरिक समीक्षा दो स्तरों पर होगी—पहली, विधायक की क्षेत्र में सक्रियता और छवि को लेकर स्वतंत्र फीडबैक; और दूसरी, बूथ प्रबंधन और मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती। कमजोर प्रदर्शन वाले जनप्रतिनिधियों की सीटों पर नए चेहरों और सामाजिक समीकरणों पर विचार के स्पष्ट संकेत हैं।
राजनीतिक संदेश:
हल्द्वानी से शुरू हो रहा यह दौरा और राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी साफ संदेश दे रही है कि आगामी 2027 के चुनावों में जीत का रास्ता केवल और केवल मजबूत जमीनी रिपोर्ट कार्ड से ही तय होगा।
