भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक
देहरादून | चम्पावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पूरण सिंह रावत का नाम आने के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। जहाँ कांग्रेस इस घटना को लेकर सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठा रही है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री की विधानसभा में बेटियां असुरक्षित: गरिमा दसौनी
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपनी विधानसभा में एक मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाया गया, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “वीडियो में बच्ची के हाथ-पांव बंधे हुए और चाकू की नोंक पर हुई यह दरिंदगी रोंगटे खड़े कर देने वाली है। सरकार को जवाब देना चाहिए कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं?” दसौनी ने दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस कर रही है लाशों पर राजनीति: हनी पाठक
दूसरी ओर, भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति का नाम इस मामले में आ रहा है, उसे पार्टी काफी समय पहले ही पद से हटा चुकी है। पाठक ने कहा, “भाजपा का उस व्यक्ति से अब कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस केवल मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के लिए इस दुखद घटना का सहारा ले रही है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
