अंतरराष्ट्रीय सीमा सील
चंपावत। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चंपावत जिले के बनबसा से एक बड़ी खबर सामने आई है। नेपाल में आगामी प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव के दृष्टिगत जनपद चंपावत से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा को 72 घंटों के लिए पूरी तरह सील करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान दोनों देशों के बीच सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के डडेलधुरा जिले में आगामी 5 मार्च 2026 को होने वाले चुनावों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। डडेलधुरा (नेपाल) के प्रमुख जिला अधिकारी के औपचारिक अनुरोध पर चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सीमा सील करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
निर्धारित समय-सीमा: जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मतदान की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतिबंध 3 मार्च 2026 की मध्यरात्रि (00:00 बजे) से प्रभावी हो जाएगा। यह पाबंदी मतदान प्रक्रिया की समाप्ति यानी 5 मार्च 2026 की रात 24:00 बजे तक लागू रहेगी। इस 72 घंटे की अवधि के दौरान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी रहेगी और किसी भी प्रकार के सामान्य आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से इस अवधि के दौरान सहयोग करने की अपील की है।
