भीषण आग
नैनीताल। रामनगर के तेलीपुरा रोड स्थित एक आरा मशीन में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते परिसर में रखी भारी मात्रा में कीमती लकड़ियां और मशीनरी इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिलकिया निवासी मोहम्मद उस्मान की ‘डे लाइट फर्नीचर’ नामक आरा मशीन में सुबह अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की यूनिट तत्काल मोटर फायर इंजन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, जिसे दमकल कर्मियों ने होज पाइप लाइन बिछाकर चारों तरफ से घेरा और बुझाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।
8 लाख की संपत्ति बचाई गई
फायर अधिकारी पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि इस अग्निकांड में लगभग 2 लाख रुपये की लकड़ियां और मशीनरी जलकर क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि, विभाग की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब 8 लाख रुपये का कीमती सामान सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है।
