गणेश गोदियाल
मानसून की दस्तक से पहले निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर बरसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष; गुमखाल-सतपुली मार्ग में धांधली का लगाया आरोप
देहरादून। प्रदेश में मानसून की दस्तक बेहद करीब है, लेकिन पिछले वर्ष आई आपदा और भारी बारिश से प्रभावित हुए क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों की रफ्तार बेहद सुस्त है। काम की इसी धीमी गति और अधूरी घोषणाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। गोदियाल ने कहा कि वर्तमान सरकार की मंशा प्रदेश का विकास करने की कतई नहीं है, बल्कि उसका पूरा ध्यान सिर्फ भ्रष्टाचार के जरिए पैसा इकट्ठा करने पर लगा हुआ है।
ठेके बांटने और बिल भुनाने पर है सरकार का फोकस कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा फोकस इस बात पर रहता है कि कितनी जल्दी ठेका तैयार कर मनपसंद ठेकेदार को सौंप दिया जाए। उन्होंने कहा:
“सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि धरातल पर काम पूरा हो रहा है या नहीं। उनका एकमात्र मकसद बिल दर बिल पैसा वसूलना और कमीशनखोरी को बढ़ावा देना है। जनता की सहूलियत और सुरक्षा को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।”
मलबे पर सीमेंट की लकीरें खींचकर बनाई पुलिया भ्रष्टाचार का सबूत देते हुए गणेश गोदियाल ने गुमखाल-सतपुली मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का विशेष रूप से उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर बनाए गए 10-10 मीटर के पुलिया पहली ही बरसात में ताश के पत्तों की तरह ढह गए। इसका कारण यह था कि निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और धांधली की गई। पुलिया के अंदर केवल मलबा भर दिया गया था और बाहर से सिर्फ सीमेंट की लकीरें खींचकर उसे तैयार दिखा दिया गया। गोदियाल ने कहा कि यह घटना साफ बयां करती है कि प्रदेश में हर जगह भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार हावी है और वह जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रही है।
