उत्तराखंड कांग्रेस का सचिवालय घेराव
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज कांग्रेस पार्टी ने चुनाव संबंधी अनियमितताओं, मतदाता सूची में गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सचिवालय घेराव करते हुए सरकार और चुनाव आयोग पर ‘वोट और इलेक्शन चोरी’ करने के गंभीर आरोप लगाए।
-
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी: प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
-
सचिवालय कूच और पुलिस बैरिकेडिंग: राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सचिवालय से पहले दो लेयर की बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
-
पुतला दहन और धरना: आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की और सुभाष रोड पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। इसके बाद सभी नेता सुभाष रोड पर ही धरने पर बैठ गए।
‘वोट और इलेक्शन चोरी’ का गंभीर आरोप
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार कभी परिसीमन तो कभी सीटें बढ़ाने के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उनकी तत्काल बर्खास्तगी और जेल जाने की मांग की।
कांग्रेस ने दो टूक चेतावनी दी है कि वे जनता के अधिकारों के हनन और सरकार की तानाशाही के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
