नैनीताल
त्रुटिरहित और पारदर्शी वोटर लिस्ट बनाना उद्देश्य, डीएम ललित मोहन रयाल ने खुद भरा प्रपत्र
नैनीताल: जनपद में सोमवार से मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अपडेशन के लिए ‘विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान’ (SIR) का शंखनाद हो गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित, पारदर्शी और सटीक बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
अभियान के पहले ही दिन जिला प्रशासन ने जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित जिले के तमाम आला अधिकारियों ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र भरकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और आम जनमानस को प्रेरित किया।
दस्तावेजों के साथ सही जानकारी दें नागरिक: डीएम
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सजगता और भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचे, तो वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ गणना प्रपत्र में बिल्कुल सही और सटीक जानकारी भरें और उसे समय पर जमा करें।
उन्होंने साफ किया कि एक शुद्ध और पारदर्शी वोटर लिस्ट के प्रकाशन के लिए समाज के सभी वर्गों, राजनीतिक दलों और आम जनता का सहयोग अनिवार्य है। प्रशासन की ओर से सभी बीएलओ को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हर एक घर का दौरा करें और इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करें।
