हल्द्वानी में साइबर ठगी का भंडाफोड़
हल्द्वानी: साइबर ठगों ने अब भोले-भाले लोगों के बैंक खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ (Mule Account) के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बनभूलपुरा पुलिस की जांच में देश के चार अलग-अलग राज्यों—पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु—में हुई साइबर ठगी के तार आपस में जुड़े मिले हैं। ठगी की यह पूरी रकम एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए खपाई जा रही थी।
कैसे हुआ खुलासा और क्या मिले आंकड़े?
पुलिस के अनुसार, एसबीआई की नवीन मंडी शाखा में नाजिल (पुत्र नन्हें, निवासी इंद्रानगर, वार्ड नंबर 12, बनभूलपुरा) के नाम से एक संदिग्ध बैंक खाता (संख्या: 44287928647) संचालित है। जब साइबर सेल ने इस खाते की जांच की, तो नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इसके विरुद्ध कुल चार गंभीर शिकायतें दर्ज मिलीं:
-
पंजाब: 1.16 लाख रुपये का अवैध लेनदेन।
-
तमिलनाडु: 85 हजार रुपये की ठगी की रकम।
-
तेलंगाना: 32 हजार रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन।
-
केरल: 10-10 हजार रुपये के दो ट्रांजेक्शन और 15 हजार रुपये का लेनदेन होल्ड पाया गया।
पते से नदारद मिला खाताधारक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम जब बताए गए पते पर खाताधारक नाजिल की तलाश में पहुंची, तो वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस को प्रथम दृष्टया पूरी आशंका है कि इस बैंक खाते का इस्तेमाल सुनियोजित तरीके से साइबर धोखाधड़ी की अवैध रकम को मंगाने और खपाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और गहराई से इसकी छानबीन शुरू कर दी है।
