सीएम संवाद
देहरादून |मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और मत्स्य पालकों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों से सीधा फीडबैक लेना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसरों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
2022 से लागू नीतियों का दिख रहा असर: धामी
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आ रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमारी सरकार वर्ष 2022 से लगातार ऐसी नीतियों पर काम कर रही है, जिनका सीधा लाभ किसान भाइयों और बहनों की जेब तक पहुंचे। सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाना है।” सीएम ने बताया कि अनुदान और तकनीकी सहायता के माध्यम से सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में तेजी से कदम उठा रही है।
सुझावों के आधार पर बनेंगी भविष्य की योजनाएं: सौरभ बहुगुणा
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम की विशिष्टता यह है कि इसमें लाभार्थियों को सीधे मुख्यमंत्री के सम्मुख बैठाकर उनके सुझाव और समस्याएं सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाला फीडबैक ही भविष्य की बेहतर योजनाओं का आधार बनेगा।
लाभार्थियों ने सराहा ऑनलाइन पोर्टल का प्रयास
कार्यक्रम में मौजूद पशुपालकों और मत्स्य पालकों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। लाभार्थियों का कहना है कि ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत से बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और सरकारी सहायता सीधे उन तक पहुंच रही है, जिससे उनके स्वरोजगार और आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
