ऑपरेशन सिंदूर
देहरादून। भारत के ऐतिहासिक और सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में राजधानी के गढ़ी कैंट स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में भव्य प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेना के शौर्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की।
सैनिकों के साथ हर पल खड़े हैं प्रधानमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सैनिकों के कल्याण और उनके लाभ के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री केवल नीतियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हर प्रमुख दिवस और त्योहार पर व्यक्तिगत रूप से सैनिकों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाते हैं, जो एक सजग नेतृत्व की पहचान है।”
दुश्मन को सिखाया कड़ा सबक
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि पीएम मोदी की सटीक रणनीति और तीनों सेनाओं के अदम्य साहस के कारण पाकिस्तान को मात्र 4 दिन के भीतर घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया गया। यह ऑपरेशन भारतीय सेना की ताकत और नई रणनीति का वैश्विक प्रमाण बना है।
रक्षा क्षेत्र में बढ़ता भारत का दबदबा
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज का भारत ‘आत्मनिर्भर भारत’ है। अब हम केवल रक्षा उपकरण आयात नहीं करते, बल्कि अन्य देशों को आधुनिक हथियार सप्लाई कर रहे हैं। रक्षा क्षेत्र में बढ़ते इस निर्यात ने विश्व भर में भारत के दबदबे को अत्यधिक बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, एनसीसी (NCC) कैडेट्स और उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह चरम पर दिखा और मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के योगदान को भी नमन किया।
