शोभायात्रा
विधायक सुमित हृदयेश समेत गणमान्य लोगों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत, उमड़ा जनसैलाब
हल्द्वानी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्म दिवस आज हल्द्वानी में पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नीले झंडों और बाबा साहेब के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा।
पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए जैसे ही तिकोनिया चौराहे पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, विनोद कुमार पन्नू और पूर्व पार्षद राधा आर्या ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम देखे गए।
समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प
शोभायात्रा के दौरान आयोजित सभाओं में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके द्वारा समाज को दिए गए योगदान को याद किया। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के हर वर्ग को समानता और अधिकारों का मार्ग दिखाया है। उनके विचार आज भी हमें सामाजिक एकता और न्याय की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब के बताए रास्तों पर चलने और शिक्षित व जागरूक समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
