देर रात काली नदी बैरियर पर घेराबंदी, यूपी पुलिस की मदद से पकड़ा गया वाहन
रुड़की। हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने देर रात काली नदी बैरियर के पास चेकिंग के दौरान खैर की लकड़ी से भरी एक डीसीएम को ज़ब्त किया है। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
यूपी सीमा तक पीछा कर घेरा
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से खैर की लकड़ी की तस्करी की सटीक सूचना मिली थी। इसके आधार पर काली नदी बैरियर पर नाकाबंदी की गई। जब संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, तो चालक ने गति बढ़ाते हुए उसे उत्तर प्रदेश (गागालहेड़ी) की ओर भगा दिया। वन विभाग की टीम ने तत्काल यूपी पुलिस से संपर्क साधा और पीछा करते हुए ट्रक को घेर लिया। पुलिस और वन कर्मियों को करीब आता देख चालक वाहन छोड़कर पास के खेतों में गायब हो गया।
जांच में जुटा विभाग
वन क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि ज़ब्त किए गए वाहन को क्रेन की मदद से रुड़की रेंज परिसर लाया गया है। ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित खैर की लकड़ी लदी हुई है। उन्होंने कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी और गोवंश तस्करी के खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है।
ये भी पढ़े: बैसाखी के पर्व पर धर्मनगरी में लाखों श्रद्धालुओं ने लगायी आस्था की डुबकी
