मदरसा
देहरादून:उत्तराखंड में मदरसों को लेकर लागू की गई नई शिक्षा व्यवस्था के पांच महीने बाद भी कई संस्थान इसके दायरे में नहीं आए हैं। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की मान्यता के बिना प्रदेश के कई मदरसों में बच्चों को धार्मिक शिक्षा दी जा रही है, जहां न तो ड्रेस कोड लागू है और न ही बैठने के लिए फर्नीचर की समुचित व्यवस्था है। उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजित सिंह गांधी के मुताबिक, मानकों की अनदेखी करने वाले 14 मदरसों को नोटिस जारी किया गया है।
प्रदेश सरकार ने मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक जुलाई 2026 को मदरसा बोर्ड को समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत मदरसों को विद्यालयी पाठ्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेनी थी। हालांकि, बोर्ड भंग होने के पांच महीने बीतने के बावजूद कई संस्थानों ने प्राधिकरण से मान्यता नहीं ली है। अध्यक्ष के अनुसार, बिना मान्यता संचालित हो रहे अधिकतर मदरसे हरिद्वार जिले में हैं और निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि इनमें से कुछ मदरसों के भीतर मस्जिदें बनी हुई हैं।
इसके साथ ही, शिक्षा विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त कई मदरसों में भी तय शैक्षिक सुविधाओं और मानकों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई मदरसों में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि कुछ आवासीय भी हैं। ऐसे में अब मान्यता प्राप्त मदरसों की व्यवस्थाएं भी जांच के घेरे में आ गई हैं।
इन 14 मदरसों को जारी हुआ नोटिस:
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जिन 14 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें मदरसा दारुल उलूम जकरिया बिजोली, मदरसा बाबुल उमूम बिजोली (रुड़की), इस्लामिया अरबिया तालीमुल कुरान बिजोली, अरबिया फैजानुल उलूम नगला इमरती, दारुल उलूम महमूदिया जूनियर हाईस्कूल नगला इमरती, दारुल उलूम दारे अरकम (लालपुर कुराड) और दारुल उलूम तैयबा (लादपुर कला) शामिल हैं। इनके अलावा इस्लामिया भगवानपुर, अल हरम पब्लिक जूनियर हाईस्कूल खेलपुर, जमीउल उलूम जूनियर हाईस्कूल चोली सहाबुद्दीनपुर, दारुल कुरान जूनियर हाईस्कूल चोली, अरबिया इस्लामिया आहसनुल उलूम खेलदी हल्लुमाजारा, क्वाद्रिया जूनियर हाईस्कूल सिकोडा और मदरसा इस्लामिया अरबिया रुकनिया सिकरोड़ा को भी नोटिस थमाया गया है।
“बिना मान्यता के धार्मिक शिक्षा दे रहे मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इस संबंध में प्राधिकरण और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।”
— डॉ. पराग मधुकर धकाते, विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण
