विनोद आर्य
देहरादून:अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। माता-पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के एक दिन बाद आज बृहस्पतिवार को पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य राजपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने बुधवार देर शाम अंकिता के माता-पिता की तहरीर पर विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की थी।
दरअसल, अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने कुछ दिन पहले राजपुर थाने में शिकायत देकर विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए गए और उन्हें तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। परिजनों ने इसे अपनी दिवंगत बेटी की निजता और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया था।
शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर बुधवार को अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए थे। उनके समर्थन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत कई नेता भी पहुंचे थे। इसके बाद परिजनों ने अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात की, जिनके निर्देश पर देर शाम जीरो एफआईआर दर्ज की गई।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया था कि राजपुर थाने में दर्ज इस जीरो एफआईआर को आगे की जांच के लिए हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा। अब विनोद आर्य के राजपुर थाने पहुंचने के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।
