विकासनगर में दर्दनाक हादसा
देहरादून|विकासनगर के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, एक सवारी वाहन हिमाचल प्रदेश के नेरूआ से विकासनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कालसी-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दुर्घटनाग्रस्त होकर सीधे टोंस नदी में जा गिरा।
इस भीषण हादसे में दो साल की बच्ची और 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। वाहन में सवार लोग नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बचाव दल द्वारा स्थिति को संभालने की कार्रवाई की गई।
