अंकिता भंडारी के माता-पिता धरने पर बैठे
विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज, बोले- बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी
देहरादून। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके माता-पिता एक बार फिर धरने पर बैठ गए हैं। बुधवार को अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। वे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ राजपुर थाने में दी गई शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं होने से नाराज हैं। उनके धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे।
दरअसल, अंकिता भंडारी के माता-पिता ने कुछ दिन पहले राजपुर थाने में विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। विनोद आर्य अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए पुलकित आर्य के पिता हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विनोद आर्य ने हाल ही में अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए थे।
इस मामले को लेकर अंकिता के परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, उनका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते अंकिता के माता-पिता ने गांधी पार्क में धरना शुरू कर दिया।
धरने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं, अंकिता के माता-पिता ने स्पष्ट किया कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी और शिकायत पर कार्रवाई होने तक वे अपनी मांग उठाते रहेंगे।
