रायवाला थाना क्षेत्र में फायरिंग से दहशत
ऋषिकेश (देहरादून) रायवाला क्षेत्र के हरिपुर कला में वाहन पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में आए एक दबंग व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में भाई-बहन बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली वहां खड़ी कार में जा लगी। पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, यह घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। हरिपुर कला के इंटर कॉलेज रोड निवासी शिवम लिंगवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाला धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45 वर्ष) उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी बाइक तथा पड़ोसी भास्कर की कार को लात मारने लगा। आरोपी गाली-गलौज करते हुए वाहन हटाने का दबाव बना रहा था। जब शिवम और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने जेब से रिवॉल्वर निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि शिवम और उनकी बहन गोली की चपेट में आने से बच गए, लेकिन एक गोली कार (UK08TA-9578) में जा लगी।
इलाके में फैली दहशत, लोगों ने छतों से बनाया वीडियो
अचानक गोलियां चलने की आवाज से पूरे हरिपुर कला क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग दहशत के मारे अपने घरों में दुबक गए। कुछ स्थानीय लोगों ने अपने घरों की छतों से फायरिंग की इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। उधर, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में डटा रहा।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई गिरफ्तारी
पीड़ित की तहरीर पर 24 नवंबर को कोतवाली रायवाला में संबंधित धाराओं (109, 351 और 352) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
“हरिपुर कला में फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।” — मोहन सिंह, थाना प्रभारी (रायवाला)
