हरिद्वार कार्तिक पूर्णिमा स्नान
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सोमवार तड़के से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। श्रद्धालु पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना, दीपदान और दान-पुण्य कर रहे हैं। स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने और जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर सीमाओं पर ही वाहनों को रोकने और वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई है।
हिंदू धर्म में कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान करने की विशेष मान्यता है, जिसके चलते देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर पुलिस ने सोमवार रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है।
बाहरी और बड़े वाहनों के लिए यह रहेगी यातायात व्यवस्था:
-
दिल्ली-मेरठ से आने वाले वाहन: ये वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनकी पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में कराई जाएगी।
-
दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग: दिल्ली-मेरठ से आने वाले वाहनों को नगलाइमरती से लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
-
देहरादून-ऋषिकेश जाने वाले वाहन: दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से देहरादून जाने वाले वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए भेजा जाएगा। वहीं, दिल्ली-मेरठ से देहरादून जाने वाली बसें रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते जाएंगी।
-
मुरादाबाद-नजीबाबाद मार्ग: इस ओर से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे, जिन्हें नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। बड़े वाहनों को भी डायवर्ट कर इन्हीं दोनों पार्किंग में भेजा जाएगा।
-
देहरादून-ऋषिकेश से आने-जाने वाले वाहन: इस रूट से हरिद्वार आने वाले वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए लालजीवाला पार्किंग में खड़े होंगे। देहरादून-ऋषिकेश से दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहन रायवाला, चंडी चौक और एनएच-344 होते हुए जाएंगे, जबकि नजीबाबाद जाने वाले वाहन रायवाला, चंडी चौक और श्यामपुर के रास्ते निकलेंगे।
ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा के लिए डायवर्जन प्लान:
-
रायवाला-ऋषिकेश रूट: इस ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को दबाव बढ़ने पर केवल जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा, इससे आगे प्रवेश वर्जित रहेगा।
-
ज्वालापुर और बीएचईएल रूट: ज्वालापुर व जटवाड़ा पुल से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़, देवपुरा होते हुए बस व रेलवे स्टेशन जा सकेंगे। कनखल जाने वाले वाहनों को तुलसी चौक से यू-टर्न लेना होगा। वहीं, बीएचईएल से आने वाले वाहन भगत सिंह चौक, टिबड़ी फाटक, पुराने रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए स्टेशन की ओर जाएंगे।
-
बैरागी कैंप रूट: यहां की पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे।
-
पूर्ण प्रतिबंधित क्षेत्र: ललतारौ पुल से शिवमूर्ति चौक तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी समेत सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह बंद रखा गया है।
