सर्च अभियान
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसा गणेश मंदिर के पास हुआ। सूचना मिलते ही SDRF, DDRF, आपदा मित्र और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को रविवार शाम करीब 6:21 बजे महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली। इसके बाद SDRF अगस्त्यमुनि, DDRF ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को तत्काल रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
रेस्क्यू टीमों ने देर रात तक गहरी खाई में महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। खाई काफी गहरी और रात में अंधेरा अधिक होने के कारण करीब 12:30 बजे सर्च अभियान रोकना पड़ा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, सोमवार सुबह दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। फिलहाल महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
रेस्क्यू टीमें खाई के आसपास संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही हैं। महिला के मिलने के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
