घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। वारदात के बाद उसके पति धीरज पंवार ने खुद पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात बताई और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार का फोन आया। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। पुलिस ने जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के मुताबिक काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके पास ही है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि काजल और धीरज के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।
काजल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति धीरज पंवार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
