चंपावत सड़क हादसा
चंपावत | जिले में पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ बापरू क्षेत्र में एक नई कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। कार में सवार सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार और उनके साले राजेंद्र कुमार की वाहन के भीतर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि जवान की पत्नी और दो बच्चे कार का दरवाजा खुलने से बाहर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
4 जून को खरीदी थी नई कार, इष्ट देव के मंदिर में होनी थी पूजा
मूल रूप से डीडीहाट के ननकुड़ी गांव निवासी बलदेव कुमार (सीआरपीएफ के काठगोदाम केंद्र में तैनात) ने बीते 4 जून को ही नई कार खरीदी थी। परिवार के साथ कुछ दिन गांव में बिताने और अपने इष्ट देव के मंदिर में नई कार की पूजा करने के उद्देश्य से वे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हल्द्वानी से रवाना हुए थे। कार को बलदेव के साले राजेंद्र कुमार चला रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे बापरू के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
आँखों के सामने धू-धू कर जली कार, कटर से काटने पड़े वाहन के परखच्चे
“हादसे के वक्त सबसे पहले मेरा बेटा आरव, फिर बेटी अक्षिता और मैं कार से बाहर छिटक गए। लेकिन मेरे पति बलदेव और भाई राजेंद्र अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि चाहकर भी उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका।” — नीतू देवी (घायल पत्नी)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार में तुरंत आग लग गई। बलदेव कुमार मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कटर की सहायता से कार को काटकर दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। घायल नीतू देवी और दोनों बच्चों (आरव व अक्षिता) को तुरंत उप जिला अस्पताल लोहाघाट में भर्ती कराया गया है।
दो परिवारों में पसरा मातम, ठीक होकर लौटे भाई की भी मौत
इस हादसे ने पिथौरागढ़ के अजेड़ा क्षेत्र में रहने वाले राजेंद्र कुमार के परिवार को भी तोड़ दिया है। राजेंद्र हाल ही में चंडीगढ़ पीजीआई से इलाज कराकर लौटे थे और अपनी बहन के घर हल्द्वानी में रुके थे। गांव लौटने की खुशी में वे भी इस यात्रा में शामिल हो गए थे। घर पर उनकी पत्नी सरोज देवी और चार बच्चे उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन शाम को जैसे ही मौत की खबर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
