प्रेमा रावत
बागेश्वर | उत्तराखंड के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। सुमटी गांव की 24 वर्षीय होनहार क्रिकेटर प्रेमा रावत का चयन आगामी टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। दाएं हाथ की बल्लेबाज और बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाज प्रेमा का यह चयन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
प्रेमा रावत ने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार ऑलराउंड खेल से लगातार सबका ध्यान खींचा था। उनके इसी दमदार प्रदर्शन की बदौलत आज उन्हें भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनने का गौरव प्राप्त हुआ है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अपनी जादुई लेग स्पिन और आक्रामक बल्लेबाजी से प्रेमा विश्व कप के मंच पर दुनिया को चौंकाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गांव में जश्न का माहौल, बांटी गई मिठाइयां
“यह हमारे पूरे क्षेत्र और उत्तराखंड के लिए सबसे बड़ी खुशी का दिन है। प्रेमा ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।” — विमला देवी, ग्राम प्रधान
संयोग से इन दिनों छुट्टियां मनाने गांव पहुंची प्रेमा के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शुक्रवार को ग्राम प्रधान विमला देवी और भारी संख्या में ग्रामीणों ने प्रेमा के घर जाकर उनकी माता बसंती देवी, भाई विमल रावत, दादी हरूली देवी और बुआ चंद्रा देवी को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक कामयाबी की बधाई दी। परिवार ने पूरी विनम्रता के साथ ग्रामीणों के साथ इस खुशी को साझा किया।
