रामनगर
नैनीताल। रामनगर के कानियाँ क्षेत्र स्थित ‘कोजी कैफे’ होटल व होमस्टे में स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राओं के मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है और छात्राओं के साथ मौजूद युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हुक्का बार और संदिग्ध गतिविधियां
घटना का खुलासा तब हुआ जब पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी की सूचना पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की। मौके पर शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की दो छात्राएं स्कूल ड्रेस में पाई गईं। बताया जा रहा है कि होटल में हुक्का बार भी संचालित हो रहा था, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी डीवीआर को भी अपने कब्जे में ले लिया है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
बिना आईडी कमरा देने का आरोप
पूर्व मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने होटल प्रबंधन और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल संचालक ने बिना किसी पहचान पत्र (ID) की जांच किए नाबालिग छात्राओं को स्कूल ड्रेस में कमरा दे दिया। उन्होंने इसे ‘लव जिहाद’ की एक बड़ी साजिश करार देते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल
मदन जोशी ने एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के प्रबंधन की घोर लापरवाही बताते हुए कहा, “स्कूल को अपनी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी चाहिए। जो बच्चे स्कूल नहीं पहुंच रहे, उनके अभिभावकों को तुरंत सूचित किया जाना चाहिए।” उन्होंने माता-पिता से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों के प्रति जागरूक रहें।
पुलिस की कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि बरामद दोनों छात्राएं नाबालिग हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि होटल में अनैतिक गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं। फिलहाल छात्राओं के साथ मौजूद युवकों से पूछताछ जारी है।
