आरोहण इंटरनेशनल मैरिटाइम कॉन्क्लेव 2026
उत्तर भारत का सबसे बड़ा ‘आरोहण इंटरनेशनल मैरिटाइम कॉन्क्लेव 2026’ कल से
देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून अब समुद्री व्यापार और शिपिंग सेक्टर के वैश्विक मानचित्र पर उभरने के लिए तैयार है। आगामी 20 और 21 मार्च को देहरादून के लखवाड़ क्षेत्र में उत्तर भारत के सबसे बड़े समुद्री सम्मेलन “आरोहण इंटरनेशनल मैरिटाइम कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन होने जा रहा है। बुधवार को देहरादून प्रेस क्लब में ‘इंटीग्रेटेड मैरिटाइम एक्सचेंज’ द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।
दिग्गज हस्तियाँ होंगी शामिल
दो दिवसीय इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक शिरकत करेंगे। वहीं, केंद्र सरकार के पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के उपसचिव राजेश असाटी मुख्य वक्ता के तौर पर अपने विचार साझा करेंगे। इस कॉन्क्लेव में देशभर से करीब 200 प्रतिनिधि, वैश्विक शिपिंग कंपनियों के सीईओ और उच्च पदों पर आसीन सरकारी अधिकारी हिस्सा लेंगे।
इन अहम विषयों पर होगा मंथन
सम्मेलन के दौरान समुद्री क्षेत्र की आधुनिक चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
-
शिपिंग सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का क्रांतिकारी उपयोग।
-
मिडल ईस्ट संकट का वैश्विक व्यापार और समुद्री मार्गों पर प्रभाव।
-
एलएनजी (LNG), इंजीनियरिंग शिपिंग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास।
-
समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले सीफेयरर्स का मानसिक स्वास्थ्य।
उत्तराखंड में निवेश और रोजगार की नई उम्मीद
इस सम्मेलन का एक मुख्य उद्देश्य देहरादून में शिपिंग कंपनियों की स्थापना और निवेश की संभावनाओं को तलाशना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बड़ी शिपिंग कंपनियां उत्तराखंड में अपने बैक-ऑफिस या संचालन केंद्र खोलती हैं, तो इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
