कांग्रेस प्रदर्शन विरोध
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर बवाल, कार्यकर्ताओं ने फूंका पीएम मोदी का पुतला
नैनीताल। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के खिलाफ लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हाट बाजार स्थित चौराहे पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
लोकतंत्र की हत्या का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी को पूरी तरह अलोकतांत्रिक और दमनकारी बताया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद करने वाले युवा नेताओं को हिरासत में रखना और रिमांड पर लेना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए उदय भानु चिब की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमवती नन्दन दुर्गापाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने अपनी दमनकारी नीतियां बंद नहीं की और गिरफ्तार नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े विरोध प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर मुख्य रूप से कुंदन मेहता, पुष्कर दानू, बीना जोशी, हेमंत पांडे, कमलेश यादव, सईद अहमद, सूरज राय, मोहन कुड़ाई, अमजद खान और हरीश बिसौती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
