वीडियो वायरल
देहरादून । राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केहरी गांव में पुलिस और छात्रों के बीच हुई भिड़ंत ने तूल पकड़ लिया है। एक निजी शिक्षण संस्थान के गेट के पास जाम खुलवाने गई पुलिस और छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
अव्यवस्थित वाहनों को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को केहरी गांव में एक कॉलेज के गेट के बाहर भारी जाम की सूचना मिली थी। जब प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां छात्रों की भीड़ और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण रास्ता पूरी तरह बंद था। पुलिस का आरोप है कि जब उन्होंने छात्रों को वाहन हटाने और भीड़ कम करने को कहा, तो कुछ युवकों ने पुलिस के साथ बहस शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
लाठीचार्ज का वीडियो वायरल, जांच शुरू
विवाद के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को स्थिति पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में पुलिस का कड़ा रुख दिखने के बाद जनता में रोष फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल प्रभाव से वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए।
राजपत्रित अधिकारी करेंगे मामले की जांच
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी के अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा। एसएसपी ने इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में छात्रों द्वारा खड़े किए जाने वाले वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
ये भी पढ़े :हरिद्वार के घाट पर पालतू कुत्ते को गंगा में नहलाने पर भारी हंगामा
