अल्मोड़ा। उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा में प्रस्तावित अपनी विशाल जनसभा में शामिल नहीं हो सके। घने बादलों और लो विजिबिलिटी के कारण उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा के हवाई क्षेत्र से वापस पंतनगर हवाई अड्डे पर लौट आया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी को आज अल्मोड़ा के एसएसजे परिसर मैदान में एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करना था। इसके लिए वे विशेष विमान से पहले उधमसिंह नगर के पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से उन्होंने अल्मोड़ा के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी थी। लेकिन अल्मोड़ा के आसमान में छाए घने कोहरे और खराब मौसम के चलते पायलट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर को बीच हवा से ही वापस मोड़ने का फैसला लिया गया।
पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पवन कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अल्मोड़ा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। लेकिन अल्मोड़ा में मौसम अत्यधिक खराब होने के कारण वहां सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं थी, जिसके चलते उनका हेलीकॉप्टर वापस पंतनगर एयरपोर्ट लौट आया।”
तैयारियां धरी रहीं, कार्यकर्ताओं में छाई मायूसी राहुल गांधी के आगमन को लेकर अल्मोड़ा और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जनसभा स्थल पर सुबह से ही जुटने शुरू हो गए थे। स्थानीय संगठन द्वारा रैली की सभी प्रशासनिक और सांगठनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। जैसे ही मंच से राहुल गांधी का दौरा रद्द होने और हेलीकॉप्टर के वापस लौटने की आधिकारिक घोषणा की गई, सभा स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं में भारी मायूसी छा गई।
