पथरी मंदिर डबल मर्डर केस
- पथरेश्वर महादेव मंदिर में हुई थी दो साधुओं की हत्या, शवों को गड्ढे में दफनाया
-
मुख्य पुजारी ने साथियों संग मिलकर रची थी खूनी साजिश
-
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 1 फरार
हरिद्वार :हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पथरेश्वर महादेव मंदिर में हुए सनसनीखेज दोहरे साधु हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देशों और कुशल नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है।
गद्दी के विवाद में रची गई खूनी साजिश
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मंदिर परिसर में रहने वाले साधुओं के बीच गद्दी (वर्चस्व) को लेकर पिछले कुछ समय से गंभीर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मुख्य पुजारी ने अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने शवों को मंदिर के ठीक पीछे गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया था।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद, एक आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
