कांग्रेस मुख्यालय घेराव
- कांग्रेस पर देश में अराजकता और अस्थिरता फैलाने का आरोप
-
छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग दे रही है कांग्रेस: महेंद्र भट्ट
-
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन को बताया लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला
देहरादून :राजधानी देहरादून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय का जोरदार घेराव किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
छात्र आंदोलन के नाम पर राजनीति का आरोप
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी छात्रों के आंदोलन की आड़ लेकर उसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस इसके जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘अस्थिरता फैलाने की मंशा कभी नहीं होगी सफल’
महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करके देश की स्थापित लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित करने का निंदनीय प्रयास किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में अस्थिरता का माहौल पैदा करने में जुटी है, लेकिन जनता उनकी इस मंशा को भली-भांति समझ चुकी है और उनकी यह साजिश कभी कामयाब नहीं होगी।
