बारिश
रविवार से बारिश के दौर में आएगी तेजी, सोमवार-मंगलवार को प्रदेशभर में भारी वर्षा के आसार; पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। पहाड़ों से लेकर मैदान तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। फिलहाल भारी बारिश का दौर कुछ थमा हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने रविवार से वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेशभर में भारी बारिश के आसार हैं।
आज सभी जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखन
को मिल सकते हैं। शुक्रवार को भी पहाड़ से मैदान तक दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई।
देहरादून में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और तीव्र बौछारों के दो दौर दर्ज किए गए। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह बारिश अपेक्षाकृत अधिक रही।
पांच जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।
रविवार से बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से मानसून फिर जोर पकड़ सकता है। विशेष रूप से कुमाऊं मंडल में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
भूस्खलन और सड़कें प्रभावित होने का खतरा
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़क मार्ग प्रभावित होने की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
