धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन
सीएम धामी ने कहा- महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा
देहरादून। उत्तराखंड में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक बताया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सीएम का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।
सीएम ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण के लिए आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने की अपील की।
महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
राज्यपाल ने भी दी शुभकामनाएं
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व परिवार के रिश्तों को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा देता है।
राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन मातृशक्ति के सम्मान और स्नेह का पर्व भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व सीएम ने भी दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और समर्पण का प्रतीक होने के साथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राखी सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि अपनों के प्यार, विश्वास और सुरक्षा का पवित्र वचन है।
चंपावत में सीएम धामी को बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र
चंपावत दौरे से लौटे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सैकड़ों स्थानीय महिलाओं और बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है और सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
