सीएनजी ट्रक एक्सीडेंट
होली पर मुस्तैद हरिद्वार पुलिस: खानपुर में टला बड़ा हादसा, धधकने से बचे सीएनजी से भरे दो ट्रक
हरिद्वार|एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों के बीच होली पर्व पर मुस्तैद हरिद्वार पुलिस की सतर्कता ने आज एक भीषण हादसे को टलने से बचा लिया। खानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर सीएनजी से भरे दो ट्रकों की टक्कर के बाद मचे हड़कंप को न केवल शांत किया गया, बल्कि ड्राइवरों की जान बचाते हुए गैस रिसाव पर भी काबू पाया गया।
भीषण टक्कर से कांप उठा इलाका
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के पास तुगलपुर सीएनजी प्लांट से भरे दो भारी वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सीएनजी गैस से भरे सिलेंडरों में विस्फोट का खतरा पैदा हो गया था।
गैस रिसाव और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
टक्कर के बाद दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस का रिसाव होने लगा, जिससे आग लगने का डर बना हुआ था। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए:
-
गोवर्धनपुर-खानपुर मार्ग पर 200 मीटर पहले ही यातायात रोक दिया।
-
मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को बुलाया।
-
क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायल चालकों को सुरक्षित निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया।
विशेषज्ञों की मदद से पाया काबू
क्षेत्राधिकारी लक्सर और निरीक्षक खानपुर की मौजूदगी में घंटों चले ऑपरेशन के बाद विशेषज्ञों ने गैस रिसाव को नियंत्रित किया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात सुचारू रूप से बहाल किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरी स्थिति की पल-पल की निगरानी की गई।
पुलिस का संदेश: “होली के पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए हमारी टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं।”
ये भी पढ़े: https://khabargangalive.com/inauguration-of-new-parking-lot-constructed-at-a-cost-of-rs-10-lakh-on-ranikhet-road/
