ब्लाइंड मर्डर केस का आरोपी
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने भोगपुर स्थित मंदिर में हुए सनसनीखेज सेवादार हत्याकांड का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक ने पकड़े जाने के डर से बुजुर्ग सेवादार की निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
12 अप्रैल को हुई थी सनसनीखेज वारदात
मामला लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव का है, जहां 12 अप्रैल की रात मंदिर में सेवादार के रूप में रह रहे बुजुर्ग राजवीर की अज्ञात हमलावर ने हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी। इस ब्लाइंड मर्डर केस से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
चोरी की नीयत से घुसा था आरोपी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी विशाल चौधरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह चोरी के इरादे से मंदिर में दाखिल हुआ था। जब बुजुर्ग सेवादार राजवीर की आंख खुली और उन्होंने विरोध किया, तो पकड़े जाने के डर से विशाल ने उन पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सामान लेने लौटा और पुलिस के हत्थे चढ़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मंदिर से इन्वर्टर और एम्पलीफायर चोरी किया और उसे पास की झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से उस पर नजर रख रही थी। 14 अप्रैल को जैसे ही आरोपी छिपाया हुआ सामान लेने वापस लौटा, पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस की तत्परता की सराहना
आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, पेचकस और चोरी का सामान बरामद हुआ है। 48 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने पर क्षेत्रीय जनता ने हरिद्वार पुलिस और एसएसपी के नेतृत्व की जमकर सराहना की है।
ये भी पढ़े : उद्घाटन से पहले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रफ़्तार का कहर
