बाइक चोरी के पीड़ित की नहीं हुई सुनवाई,पुलिस की टालमटोल से परेशान युवक ने CM पोर्टल पर लगाई गुहार
• रामनगर कोतवाली की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल, तहरीर की रिसीविंग तक नहीं देने का आरोप
• चक्कर काटकर परेशान पीड़ित ने दर्ज कराई ऑनलाइन शिकायत, कोतवाल बोले- होगी वैधानिक कार्रवाई
रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। बाइक चोरी के शिकार हुए एक पीड़ित युवक ने पुलिस पर सुनवाई न करने और शिकायत की रिसीविंग (पावती) तक न देने का आरोप लगाया है। लगातार कोतवाली के चक्कर काटकर परेशान हुए युवक ने आखिरकार मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बिलाल ने 14 जुलाई को अपनी बाइक मंगल बाजार स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने वाली गली में पार्क की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा, तो बाइक गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं लगा, तो बिलाल उसी दिन रामनगर कोतवाली पहुंचा और मामले की लिखित सूचना पुलिस को दी।
पुलिसकर्मी ढूँढने की दी सलाह, कई दिनों तक भटकाया
पीड़ित बिलाल का आरोप है कि अगले दिन जब वह अपनी तहरीर की रिसीविंग और मामले की प्रगति जानने कोतवाली पहुंचा, तो उसे अजीबोगरीब जवाब मिला। पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि ‘पहले उस चीता पुलिसकर्मी को ढूंढकर लाओ जिसने तुम्हारी तहरीर ली थी।’ इसके बाद वह कोतवाली में मौजूद महिला अधिकारी व अन्य पुलिसकर्मियों से मिला, लेकिन हर बार उसे एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी के पास टहलाया जाता रहा। कई दिनों तक चक्कर काटने के बावजूद न तो उसकी एफआईआर दर्ज हुई और न ही शिकायत की रिसीविंग दी गई।
CM पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के टालमटोल रवैये से मानसिक रूप से परेशान होकर बिलाल ने अंततः राज्य के मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल (CM Portal) का सहारा लिया। उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर रामनगर पुलिस की ढचर ढुल कार्यप्रणाली की पोल खोली है। पीड़ित को अब उम्मीद है कि शासन स्तर से संज्ञान लेने के बाद उसकी चोरी हुई बाइक की बरामदगी हो सकेगी।
मामले में क्या बोले कोतवाल?
“यह मामला अभी तक मेरे सीधे संज्ञान में नहीं आया था। पीड़ित को बुलाकर तत्काल उसकी तहरीर ली जाएगी और नियमानुसार निष्पक्ष व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— सुशील कुमार, कोतवाल, रामनगर
