शादाब शम्स, अध्यक्ष, वक़्फ़ बोर्ड उत्तराखंड
वक्फ संपत्तियों में धांधली पर सख्त रुख, 10 दिन में मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अतिक्रमणकारियों और वक्फ माफियाओं पर जल्द चलेगा धामी सरकार का बुलडोजर: शादाब शम्स
देहरादून। उत्तराखंड में वक्फ संपत्तियों में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी और अवैध कब्जों के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गढ़वाल कमिश्नर कार्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून समेत सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। कमिश्नर ने वक्फ संपत्तियों की वर्तमान स्थिति और अतिक्रमण की विस्तृत रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर सौंपने के आदेश दिए हैं।
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ही कमिश्नर जिलाधिकारियों से संपूर्ण विवरण मांग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में राजनीतिक संरक्षण के तहत वक्फ संपत्तियों में बड़े पैमाने पर लूट-खसोट की गई है और इनका कोई सही लेखा-जोखा नहीं रखा गया।
शादाब शम्स ने स्पष्ट किया कि वक्फ असल में गरीब और बेसहारा लोगों का हक है, जिस पर भू-माफियाओं ने कब्जा कर रखा है। जांच में जो भी वक्फ माफिया और अतिक्रमणकारी चिन्हित होंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार का बुलडोजर जल्द ही इन अवैध कब्जों को ध्वस्त करेगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि खाली कराई गई जमीनों का उपयोग जनकल्याण के लिए किया जाएगा। बोर्ड की योजना है कि इन जमीनों पर स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और गरीबों के लिए किफायती आवास बनाए जाएं, ताकि वक्फ संपत्तियों का सही इस्तेमाल प्रदेश और देश के हित में हो सके।
